नवी मुंबई। स्वतंत्रता दिवस की पृष्ठभूमि में नवी मुंबई जिला भारतीय जनता पार्टी की ओर से बुधवार को भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। ब्लू डायमंड होटल चौक से शुरू हुई यह रैली वाशी स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर संपन्न हुई। रैली के दौरान ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। बड़ी संख्या में देशप्रेमी नागरिकों और युवाओं ने इसमें उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
रैली में पूर्व सांसद डॉ. संजीव नाईक, पूर्व विधायक संदीप नाईक, महापौर सुजाता पाटील, उपमहापौर दशरथ भगत, नवी मुंबई भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजेश पाटील और मनपा स्थायी समिति के सभापति अशोक पाटील सहित भाजपा के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के आह्वान को समर्थन देते हुए भारत की संप्रभुता, एकता, अखंडता, प्रगति और राष्ट्रभावना के प्रति एकजुटता व्यक्त करने के उद्देश्य से इस रैली का आयोजन किया गया। महापौर सुजाता पाटील की अध्यक्षता में आयोजित रैली को वन मंत्री गणेश नाईक का मार्गदर्शन मिला। पूर्व विधायक संदीप नाईक, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजेश पाटील और उपमहापौर दशरथ भगत का भी सहयोग रहा।इस अवसर पर पूर्व सांसद डॉ. संजीव नाईक ने कहा कि ‘2047 का विकसित भारत’ बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करना होगा। उन्होंने जाति, धर्म, पंथ, वर्ग और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर देशहित में एक साथ आने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से 15 अगस्त को अपने घरों पर तिरंगा फहराने का भी आह्वान किया।डॉ. संजीव नाईक ने कहा कि भारत में युवाशक्ति ही राष्ट्रशक्ति है। इस तिरंगा रैली में युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। युवा ही देश की असली ताकत हैं।
महापौर सुजाता पाटील ने नागरिकों को आगामी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और नवी मुंबई के शिल्पकार, वन मंत्री गणेश नाईक के नेतृत्व में इस तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।तिरंगा केवल तीन रंगों का झंडा नहीं, बल्कि देश की शक्ति, सामर्थ्य, शांति और प्रगति का प्रतीक है।उन्होंने आगे कहा कि तिरंगा हाथ में लेते समय हम सबसे पहले भारतीय होते हैं। देशभक्ति की भावना को प्रत्येक नागरिक के मन में मजबूत करने के लिए ऐसी तिरंगा रैलियां आवश्यक हैं।रैली में भाजपा के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े देशप्रेमी नागरिकों ने उत्स्फूर्त सहभागिता दर्ज कराई। राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत का संदेश देते हुए नवी मुंबई में तिरंगे के सम्मान का भव्य जागर किया गया।
