Breaking News

27 मंजिल तक पहुंचेगा ड्रोन, आसमान से बुझाएगा आग! नवी मुंबई में हाईराइज फायर फाइटिंग की नई तैयारी

27 मंजिल तक पहुंचेगा ड्रोन, आसमान से बुझाएगा आग! नवी मुंबई में हाईराइज फायर फाइटिंग की नई तैयारी

नवी मुंबई। तेजी से विकसित हो रहे नवी मुंबई शहर में गगनचुंबी इमारतों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में ऊंची इमारतों में आग लगने की स्थिति में दमकल विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती आग के स्रोत तक तेजी से पहुंचने और फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की होती है। इसी चुनौती से निपटने के लिए अब आधुनिक ड्रोन तकनीक को विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है।

नवी मुंबई महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग की ओर से ऊंची इमारतों में आग बुझाने और राहत-बचाव कार्य में ड्रोन के इस्तेमाल की संभावनाएं तलाशने के लिए मंगलवार को मनपा मुख्यालय में ड्रोन का विशेष प्रदर्शन किया गया। शहर अभियंता शिरीष आरदवाड की उपस्थिति में कंपनी के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों के सामने ड्रोन की क्षमता का डेमो दिया।

कंपनी के अनुसार, यह ड्रोन करीब 100 मीटर यानी लगभग 27 मंजिल तक उड़ान भरने में सक्षम है। इतनी ऊंचाई तक पहुंचने की क्षमता के कारण हाईराइज बिल्डिंग में आग लगने की स्थिति में यह तकनीक दमकल कर्मियों के लिए एक महत्वपूर्ण सहायक साबित हो सकती है।

आग बुझाने के साथ स्थिति पर रखेगा नजर

ऊंची इमारतों में आग लगने के बाद शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। कई बार दमकल की गाड़ियां घटनास्थल तक पहुंचने के बावजूद ऊपरी मंजिलों तक सीधे पहुंच बनाना मुश्किल होता है। ऐसे में ड्रोन को आग प्रभावित हिस्से तक भेजकर वहां की स्थिति का तत्काल जायजा लेने में मदद मिल सकती है।

ड्रोन के जरिए आग की दिशा, धुएं की स्थिति और प्रभावित हिस्से की जानकारी तेजी से हासिल की जा सकती है। इससे दमकल अधिकारियों को राहत एवं बचाव अभियान की रणनीति तैयार करने में मदद मिलेगी। यदि तकनीक का इस्तेमाल आग पर पानी या अन्य फायर-फाइटिंग माध्यम पहुंचाने के लिए भी प्रभावी रूप से किया जा सका, तो ऊंची इमारतों में अग्निशमन व्यवस्था को नई दिशा मिल सकती है।

अब मनपा के फैसले पर नजर

डेमो के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या नवी मुंबई महानगरपालिका इस तकनीक को वास्तव में अपने अग्निशमन बेड़े में शामिल करेगी? फिलहाल ड्रोन का प्रदर्शन किया गया है और इसके इस्तेमाल को लेकर अंतिम निर्णय मनपा स्तर पर होना बाकी है।

नवी मुंबई में लगातार बढ़ रही हाईराइज इमारतों को देखते हुए अत्याधुनिक अग्निशमन तकनीक की जरूरत भी बढ़ रही है। यदि ड्रोन तकनीक को व्यावहारिक और प्रभावी पाया जाता है तथा इसे अग्निशमन विभाग में शामिल किया जाता है, तो भविष्य में ऊंची इमारतों में आग से निपटने की रणनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।



Most Popular News of this Week

व्यसनों से दूर रहकर शिक्षा,...

नवी मुंबई में ‘कैंपस कनेक्ट’ अभियान का मुख्यमंत्री के हाथों शुभारंभनवी...

27 मंजिल तक पहुंचेगा ड्रोन,...

नवी मुंबई। तेजी से विकसित हो रहे नवी मुंबई शहर में गगनचुंबी इमारतों की...

नवी मुंबई में 2.71 लाख से अधिक...

नवी मुंबई, 25 अगस्त 2026: नवी मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में आयुष्मान...