नवी मुंबई, 25 अगस्त 2026: नवी मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के तहत अब तक 2,71,809 नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। मनपा ने पात्र नागरिकों से जल्द से जल्द अपना आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील की है।
इस योजना के तहत पात्र परिवारों को हर वर्ष 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाता है। इसमें गंभीर बीमारियों के उपचार, सर्जरी और अस्पताल में भर्ती होने से संबंधित खर्च शामिल हैं।
आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए ऑनलाइन राशन कार्ड आवश्यक है। राशन कार्ड का आधार और मोबाइल नंबर से लिंक तथा अद्यतन होना भी जरूरी है। पात्र नागरिक अपने नजदीकी मनपा नागरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राशनिंग दुकान या ई-सेवा केंद्र में जाकर कार्ड बनवा सकते हैं।
योजना के अंतर्गत नवी मुंबई महानगरपालिका के वाशी, ऐरोली और नेरूल स्थित सार्वजनिक अस्पतालों तथा तुर्भे और बेलापुर के माता-बाल अस्पतालों सहित कई निजी अस्पतालों को भी सूचीबद्ध किया गया है। सूचीबद्ध अस्पतालों में उपचार के लिए भर्ती होने पर अस्पताल के आरोग्य मित्र/आरोग्य मैत्री से संपर्क कर योजना के तहत पंजीकरण कराना आवश्यक है।
मनपा के अनुसार, आपात स्थिति में यदि किसी पात्र लाभार्थी के पास आयुष्मान कार्ड नहीं है, तो भी वह योजना का लाभ ले सकता है। इसके लिए अस्पताल में राशन कार्ड और आधार कार्ड की प्रति जमा कर तत्काल कार्ड बनवाने की प्रक्रिया की जा सकती है। राशन कार्ड उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में संबंधित तहसीलदार कार्यालय से निर्धारित प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने की सुविधा भी उपलब्ध है।
मनपा ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते ऑनलाइन राशन कार्ड की प्रक्रिया पूरी कर आयुष्मान कार्ड बनवाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर मुफ्त स्वास्थ्य उपचार का लाभ आसानी से मिल सके।
