नवी मुंबई।
नवी मुंबई में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से महाराष्ट्र के वनमंत्री गणेश नाईक ने शुक्रवार को शहर की कई महत्वपूर्ण निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से नवी मुंबई की पहचान एक आधुनिक, सांस्कृतिक और सुव्यवस्थित शहर के रूप में और मजबूत होगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
वनमंत्री ने ऐरोली नाट्यगृह, छत्रपति शिवाजी महाराज की अश्वारूढ़ प्रतिमा, ऐरोली-कटई एलिवेटेड रोड तथा जुईनगर-खारघर भूमिगत मार्ग का दौरा कर प्रगति का जायजा लिया। इस अवसर पर महापौर सुजाता पाटील, उपमहापौर दशरथ भगत, मनपा आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे, स्थायी समिति सभापति अशोक पाटील सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
चार से पांच महीनों में तैयार होगा ऐरोली नाट्यगृह
नवी मुंबई में पहले से वाशी स्थित विष्णुदास भावे नाट्यगृह मौजूद है, लेकिन बढ़ती सांस्कृतिक गतिविधियों को देखते हुए ऐरोली में आधुनिक सुविधाओं से लैस नए नाट्यगृह का निर्माण किया जा रहा है। सेक्टर-5 में बन रहे इस नाट्यगृह का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है। अधिकारियों के अनुसार अगले चार से पांच महीनों में इसका उद्घाटन किया जा सकता है। इससे ऐरोली और आसपास के कलाकारों तथा सांस्कृतिक संस्थाओं को बड़ा मंच मिलेगा।
प्रेरणा का केंद्र बनेगी शिवाजी महाराज की प्रतिमा
ऐरोली सेक्टर-10 में स्थापित की जा रही छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य अश्वारूढ़ प्रतिमा भी अंतिम चरण में है। इस परियोजना के लिए विधायक निधि से आर्थिक सहायता दी गई है। प्रतिमा परिसर में शिवकालीन शस्त्रों और सैन्य इतिहास की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे यह स्थल ऐतिहासिक और शैक्षणिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बनेगा।
अंडरपास और एलिवेटेड रोड से ट्रैफिक को मिलेगी राहत
मुंबई से कटई नाका होते हुए कल्याण-डोंबिवली को जोड़ने वाले ऐरोली-कटई एलिवेटेड मार्ग का भी निरीक्षण किया गया। इस मार्ग पर नवी मुंबई के नागरिकों की सुविधा के लिए दोनों दिशाओं में प्रवेश और निकास मार्ग विकसित किए जा रहे हैं।
इसके अलावा जुईनगर-खारघर भूमिगत मार्ग का कार्य भी तेजी से जारी है। यह परियोजना ठाणे-बेलापुर मार्ग पर लगने वाले ट्रैफिक जाम को काफी हद तक कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वनमंत्री ने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
300 करोड़ वृक्ष लगाने की योजना
निरीक्षण के दौरान वनमंत्री गणेश नाईक ने राज्य सरकार की पर्यावरण संरक्षण योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "एक पेड़ मां के नाम" अभियान और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की संकल्पना के तहत महाराष्ट्र में 300 करोड़ वृक्षों के रोपण और संरक्षण का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए आधुनिक टिशू कल्चर प्रयोगशालाएं स्थापित की जा रही हैं ताकि गुणवत्तापूर्ण पौधे उपलब्ध कराए जा सकें। जंगलों में आग की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए आधुनिक तकनीक का भी उपयोग किया जाएगा।
मोरबे बांध का पानी पहले नवी मुंबई के लिए
वनमंत्री ने मोरबे बांध के पानी को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि यह बांध नवी मुंबई की जल आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर बनाया गया है। अतिरिक्त पानी आवश्यकता अनुसार अन्य क्षेत्रों को दिया जा सकता है, लेकिन नवी मुंबई के नागरिकों को पानी की कमी हो, ऐसा कोई निर्णय सरकार नहीं लेगी।
