नवी मुंबई : नवी मुंबई क्राइम ब्रांच ने तलेजा और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में सक्रिय एक कथित चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के कथित मुख्य सरगना आशीष अशोक यादव समेत सूरज, पवन गौड़ और गिरीश पटवा को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक पिकअप वाहन से बड़ी मात्रा में चोरी किया हुआ कॉपर (तांबा) बरामद किया है। इसके अलावा चोरी की वारदातों में इस्तेमाल की जाने वाली बताई जा रही वॅगनआर कार को भी पुलिस ने जब्त किया है। पुलिस को संदेह है कि यह गिरोह तलेजा के साथ-साथ आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
जांच में सामने आया है कि इस गिरोह के खिलाफ उरण पुलिस थाने में 7 से अधिक चोरी के मामले दर्ज होने की जानकारी है। इसके अलावा कलंबोली, जेएनपीटी और उरण क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में भी इस गिरोह की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और चोरी के माल को कहां बेचा जाता था।
वहीं, सूत्रों के हवाले से यह भी दावा किया जा रहा है कि तलेजा क्षेत्र में कथित चोरी का रैकेट चलाने के लिए हर महीने दो लाख रुपये दिए जाने की चर्चा है। हालांकि, इस दावे की अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही इस दावे की सच्चाई सामने आएगी।
क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई से तलेजा और आसपास के इलाकों में सक्रिय चोर गिरोहों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों के साथ जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।
