मुंबई। दक्षिण मुंबई के नेवी नगर इलाके से रविवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। एक नौसेना कर्मी, उसकी पत्नी और उनके दो छोटे बच्चों की उनके आवास पर शव बरामद हुई है। मृत बच्चों की उम्र महज दो महीने और तीन साल बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही कफ परेड पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच के अनुसार नौसेना कर्मी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या की। वहीं पत्नी और दोनों बच्चों की मौत के पीछे प्रथम दृष्टया जहर दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और परिवार के सदस्यों, परिचितों तथा अन्य संभावित लोगों से पूछताछ की जा रही है।फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर ऐसी दर्दनाक घटना के पीछे क्या कारण था। मामले में आगे की जांच जारी है।
