Breaking News

17 अगस्त तक आखिरी मौका: मतदाता गणना फॉर्म नहीं भरा तो वोटर लिस्ट से कट जाएगा नाम, नवी मुंबई मनपा की बड़ी चेतावनी

17 अगस्त तक आखिरी मौका: मतदाता गणना फॉर्म नहीं भरा तो वोटर लिस्ट से कट जाएगा नाम, नवी मुंबई मनपा की बड़ी चेतावनी

एसआईआर (Special Intensive Revision) अभियान के तहत 17 अगस्त तक बढ़ी अंतिम समय-सीमा, 8 और 9 अगस्त को 179 विशेष शिविरों का आयोजन।

नवी मुंबई: नवी मुंबई महानगरपालिका ने मतदाताओं से अपील की है कि वे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के तहत अपना मतदाता गणना फॉर्म (Enumeration Form) हर हाल में 17 अगस्त 2026 तक संबंधित बीएलओ (Booth Level Officer) के पास जमा करा दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अंतिम और आखिरी मौका है। यदि निर्धारित समय सीमा तक गणना फॉर्म जमा नहीं किया गया, तो संबंधित मतदाता का नाम प्रारूप मतदाता सूची से हटा दिया जाएगा।

महापालिका के अनुसार, बाद में मतदाता सूची में दोबारा नाम जुड़वाने के लिए नागरिकों को फॉर्म-6 भरकर पूरी प्रक्रिया नए सिरे से पूरी करनी होगी। इसलिए सभी मतदाताओं से समय रहते आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना गणना फॉर्म जमा करने की अपील की गई है।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि वर्ष 2002 की मतदाता सूची में मतदाता या उसके माता-पिता का नाम उपलब्ध नहीं है, तब भी चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे नागरिक केवल गणना फॉर्म के कॉलम-3 में अपनी वर्तमान जानकारी भरें, हस्ताक्षर करें और निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों में से किसी एक दस्तावेज की प्रति संलग्न कर बीएलओ के पास फॉर्म जमा कर सकते हैं।

नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नवी मुंबई महानगरपालिका आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे के निर्देशानुसार 8 और 9 अगस्त (शनिवार एवं रविवार) को भी शहर के 179 स्थानों पर विशेष एसआईआर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में मतदाता अपना गणना फॉर्म भरकर जमा कर सकेंगे। इसके अलावा, 150 ऐरोली विधानसभा क्षेत्र के उन मतदान केंद्रों पर, जहां फॉर्म जमा करने और डिजिटाइजेशन की गति अपेक्षाकृत कम है, वहां शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे, ताकि नौकरीपेशा और कामकाजी नागरिक भी आसानी से अपना फॉर्म जमा कर सकें।

महानगरपालिका द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, 150 ऐरोली विधानसभा क्षेत्र के 4,97,380 मतदाताओं में से 4,71,597 गणना फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 2,36,001 फॉर्म भरकर जमा किए गए हैं और उनका डिजिटाइजेशन भी पूरा हो चुका है।

वहीं 151 बेलापुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 4,22,317 मतदाताओं में से 4,14,555 फॉर्म वितरित किए गए हैं तथा 2,27,950 गणना फॉर्म जमा होकर उनका डिजिटाइजेशन पूरा किया जा चुका है।

अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी एवं नवी मुंबई महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त सुनील पवार ने नागरिकों से अपील की है कि वे 17 अगस्त की अंतिम तिथि का इंतजार न करें, बल्कि 8 और 9 अगस्त को आयोजित विशेष शिविरों का लाभ उठाकर अपना गणना फॉर्म समय रहते बीएलओ के पास जमा करें, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में सुरक्षित बना रहे और मतदान के अधिकार पर कोई असर न पड़े।



Most Popular News of this Week

व्यसनों से दूर रहकर शिक्षा,...

नवी मुंबई में ‘कैंपस कनेक्ट’ अभियान का मुख्यमंत्री के हाथों शुभारंभनवी...

27 मंजिल तक पहुंचेगा ड्रोन,...

नवी मुंबई। तेजी से विकसित हो रहे नवी मुंबई शहर में गगनचुंबी इमारतों की...

नवी मुंबई में 2.71 लाख से अधिक...

नवी मुंबई, 25 अगस्त 2026: नवी मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में आयुष्मान...