टिळक नगर में कैंटीन संचालक से रंगदारी, गैंग बनाकर करता रहा वसूली फिलहाल दो पर मामला दर्ज.
“प्रोटेक्शन मनी” के नाम पर 2 लाख की मांग, महीनों तक वसूले 30-30 हजार रुपये
शिकायत के बाद कई कंप्लेनर आए सामने.
मुंबई। प्रतिनिधि
मुंबई के टिळक नगर इलाके में एक कैंटीन संचालक से रंगदारी मांगने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। टिळक नगर पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता शिवप्रकाश रामलखन यादव (37) टिळक नगर रेलवे स्टेशन के पास कैंटीन चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सितंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच दो स्थानीय लोगों ने उनसे “प्रोटेक्शन मनी” के नाम पर बार-बार पैसों की मांग की।
2 लाख रुपये की मांग, हर महीने मांगा हफ्ता
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों सेतुरामानंद पिल्लई उर्फ सेतुभाई और सुभाष कांदर उर्फ सुभाषभाई ने कैंटीन चलाने के बदले पहले 2 लाख रुपये प्रोटेक्शन मनी और हर महीने 40 हजार रुपये देने का दबाव बनाया। आरोप है कि डर के कारण पीड़ित ने पहले 1 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए और बाद में कई महीनों तक हर महीने 30 हजार रुपये दिए।
पैसे देने से इनकार पर मारपीट और धमकी
पीड़ित के अनुसार, फरवरी 2026 में जब उसने और पैसे देने से मना किया तो आरोपियों ने उसे टिळक नगर इलाके में बुलाकर कथित रूप से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद हफ़्ताख़ोरी की कई शिकायतें बाहर आ रही हैं
जानकारी के अनुसार रेल नीर व्यवसाय में पार्टनर मुकेश मिश्रा नामक व्यक्ति के साथ भी मारपीट के बाद धोखाधड़ी कर चुका है सेतुरमन पिल्लई और उसके गुर्गे. प्रोटेक्शन मनी नहीं देने पर दादागिरी कर मुकेश मिश्रा का धंधा हथिया लिया गया जिसके बाद मुकेश गाँव चले गए लेकिन डर के कारण मुकेश ने शिकायत नहीं किया.
इन धाराओं में मामला दर्ज
टिळक नगर पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 352, 351(3), 308(5), 3(5) और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस उपनिरीक्षक मयूर सुलेपाटिल को मामले की जांच सौंपी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आरोपियों की भूमिका की विस्तृत जांच की जा रही है।
