Breaking News

नवी मुंबई एयरपोर्ट पर पहली अंतरराष्ट्रीय कार्गो उड़ान, हांगकांग से शुरू हुई सेवा

नवी मुंबई एयरपोर्ट पर पहली अंतरराष्ट्रीय कार्गो उड़ान, हांगकांग से शुरू हुई सेवा

पनवेल (प्रतिनिधि): नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय विमानतळ (NMIA) ने अंतरराष्ट्रीय एयर कार्गो और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। हांगकांग से हांगकांग एयर कार्गो का पहला समर्पित अंतरराष्ट्रीय मालवाहक विमान नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा। इस सेवा के शुरू होने के साथ ही NMIA के अंतरराष्ट्रीय कार्गो नेटवर्क के विस्तार को नई गति मिली है। आने वाले दिनों में विमानतळ से करीब 13 नई अंतरराष्ट्रीय मालवाहक सेवाओं के विस्तार की उम्मीद है।

हांगकांग एयर कार्गो द्वारा हांगकांग और नवी मुंबई के बीच सप्ताह में तीन सेवाएं संचालित की जाएंगी। इससे हर सप्ताह कुल छह कार्गो फ्लाइट मूवमेंट होंगे। इन सेवाओं के लिए Airbus A330-200F मालवाहक विमान का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसकी मदद से आयात और निर्यात को मिलाकर लगभग 60 टन माल की ढुलाई की जाएगी। इस नई सेवा से महाराष्ट्र और पश्चिम भारत के कारोबारियों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक माल पहुंचाने के लिए एक और महत्वपूर्ण हवाई मार्ग उपलब्ध होगा।

नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय विमानतळ ने बेहद कम समय में अंतरराष्ट्रीय यात्री और कार्गो क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पड़ाव पार किए हैं। 15 जुलाई 2026 को एयर इंडिया एक्सप्रेस की अबूधाबी के लिए पहली अंतरराष्ट्रीय यात्री सेवा शुरू हुई थी। इसके बाद 1 अगस्त 2026 को इंडिगो कार्गो की शारजाह के लिए पहली समर्पित मालवाहक सेवा शुरू हुई, जिसके जरिए करीब 20 टन माल की ढुलाई की गई। अब हांगकांग एयर कार्गो की सेवा शुरू होने से NMIA के अंतरराष्ट्रीय कार्गो नेटवर्क को और मजबूती मिली है।

आने वाले समय में एशिया, यूरोप और पश्चिम एशिया के कई प्रमुख शहरों से नवी मुंबई की सीधी कार्गो कनेक्टिविटी बढ़ने वाली है। हांगकांग, चेंगदू, बैंकॉक, ताइपेई, कुआलालंपुर, सिंगापुर, अबूधाबी, दोहा, फ्रैंकफर्ट, इस्तांबुल, दुबई, एम्स्टर्डम, बहरीन, पेरिस और रियाद जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मालवाहक सेवाओं के लिए आवेदन और मंजूरियां मिलने की जानकारी दी गई है। इससे क्षेत्र के आयातकों, निर्यातकों और उद्योग जगत को तेज एवं व्यापक वैश्विक कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

विमानतळ प्रशासन के अनुसार अगस्त के अंत तक अंतरराष्ट्रीय कार्गो उड़ानों में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। बढ़ते कार्गो नेटवर्क के साथ नवी मुंबई एयरपोर्ट को महाराष्ट्र और पश्चिम भारत के लिए एक रणनीतिक लॉजिस्टिक्स एवं व्यापारिक प्रवेशद्वार के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। यहां औषधियां, नाशवंत वस्तुएं, मूल्यवान सामान, भारी माल और विशेष श्रेणी के कार्गो की हैंडलिंग के लिए विस्तारक्षम बुनियादी ढांचा तैयार किया जा रहा है।

भविष्य में कार्गो हैंडलिंग को और तेज तथा सुरक्षित बनाने के लिए ऑटोमेशन और डिजिटल कार्गो सिस्टम का अधिक इस्तेमाल किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय बाजारों से बढ़ती कनेक्टिविटी और आधुनिक मालवाहतूक सुविधाओं के चलते नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय विमानतळ के पश्चिम भारत के प्रमुख एयर कार्गो हब के रूप में उभरने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।


Most Popular News of this Week

व्यसनों से दूर रहकर शिक्षा,...

नवी मुंबई में ‘कैंपस कनेक्ट’ अभियान का मुख्यमंत्री के हाथों शुभारंभनवी...

27 मंजिल तक पहुंचेगा ड्रोन,...

नवी मुंबई। तेजी से विकसित हो रहे नवी मुंबई शहर में गगनचुंबी इमारतों की...

नवी मुंबई में 2.71 लाख से अधिक...

नवी मुंबई, 25 अगस्त 2026: नवी मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में आयुष्मान...