नवी मुंबई: वाशी स्थित साईनाथ एज्युकेशन ट्रस्ट द्वारा संचालित साईनाथ इंगलिश हाईस्कूल एवं साईनाथ हिन्दी हाईस्कूल ने इस वर्ष 10वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्कृष्ट परिणाम दर्ज किया है। दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से सफलता की नई मिसाल कायम की है। विद्यालय परिसर में परिणाम घोषित होते ही खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
साईनाथ इंगलिश हाईस्कूल का कुल परीक्षाफल 99.09 प्रतिशत रहा, जो विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों की लगन को दर्शाता है। स्कूल के छात्र मास्टर पाटील अवनीश अनिल ने 92.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं मिस द्विवेदी तमन्ना दिलीप ने 90.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि मिस गुप्ता कनक राकेश ने 89.80 प्रतिशत अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के कुल 111 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए थे, जिनमें से 110 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की।
दूसरी ओर साईनाथ हिन्दी हाईस्कूल का परिणाम भी बेहद सराहनीय रहा। विद्यालय का कुल परीक्षाफल 95.27 प्रतिशत दर्ज किया गया। हिन्दी माध्यम में मास्टर प्रेम सुनील ठाकुर ने 84.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। मास्टर विकास रमेशकुमार पाल ने 83.80 प्रतिशत अंक हासिल कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि शिवम संतोष गोड ने भी 83.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया। विद्यालय के कुल 148 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 141 विद्यार्थी सफल घोषित हुए।
विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के समर्पण को दिया है। संस्था के अध्यक्ष हरिबंश सिंह, महासचिव इशिका सिंह तथा डायरेक्टर टी.पी. सिंह ने सभी प्राचार्यों, शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों और सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि आने वाले समय में भी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा ताकि वे शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकें।
