मुंबई | डिजिटल डेस्क
खाड़ी देशों में जारी तनावपूर्ण स्थिति के बीच मुंबई से सुरक्षा से जुड़ी अहम खबर सामने आई है। प्रतिबंधित आतंकी संगठनों के संपर्क में कुछ युवकों के होने की सूचना पर महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने गोवंडी और कुर्ला क्षेत्र में छापेमारी कर तीन युवकों को हिरासत में लिया है।
सूत्रों के अनुसार, ये युवक इंटरनेट के माध्यम से प्रतिबंधित संगठन इस्लामिक स्टेट (IS) तथा अन्य चरमपंथी संगठनों से जुड़े विदेशी हैंडलर्स के संपर्क में थे। गुप्तचर एजेंसियों से इनपुट मिलने के बाद ATS की विक्रोली, कालाचौकी और नागपाड़ा यूनिटों ने संयुक्त अभियान चलाया।
ऑनलाइन गतिविधियों की जांच
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संदिग्ध युवकों को विदेश से कथित तौर पर भड़काऊ और देशविरोधी सामग्री ऑनलाइन भेजी जा रही थी। इसी सामग्री के माध्यम से उन्हें कट्टरपंथी विचारधारा की ओर प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा था।ATS ने हिरासत में लिए गए युवकों के घरों से मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। इन उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि उनके डिजिटल संपर्कों और संभावित नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
आगे की कानूनी प्रक्रिया
ATS अधिकारियों के मुताबिक, तीनों युवकों से गहन पूछताछ जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या संबंधित सुरक्षा एजेंसी को दें।
