पुणे : पुणे जिले के शिरूर तालुका स्थित कर्डे घाट इलाके में सोमवार शाम एक खौफनाक फायरिंग की घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। बीच सड़क पर फिल्मी अंदाज़ में बदमाशों ने एक वाहन को जबरन रोककर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं।
इस हमले में विशाल काले (31) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि केदार झाडगे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक कार से जा रहे थे, तभी आरोपियों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारकर रोका। इसके बाद सनी यादव और उसके 5-6 साथियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। कुछ ही पलों में पूरा इलाका गोलियों की आवाज़ से गूंज उठा।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे पुराना आर्थिक विवाद हो सकता है। मृतक और आरोपियों के बीच पहले भी तनाव और आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस इस वारदात को सुनियोजित हमला मानकर जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी गई। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
इस खूनी वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। नागरिकों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले में बड़ा खुलासा हो सकता है।
