नवी मुंबई: तुर्भे स्टोर स्थित अन्ना भाऊ साठे मैदान में उत्तर भारतीय संगठना, वाशी नवी मुंबई के तत्वावधान में चार दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता “बिग बैश क्रिकेट लीग (BBL) सीजन-2” का आयोजन किया गया है। इस खेल प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य तथा सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है।
आयोजकों के अनुसार इस टूर्नामेंट में विशेष रूप से प्रभाग क्रमांक 14 और 20 के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जा रहा है, ताकि वे स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर जिला और बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंच सकें।
उत्तर भारतीय संगठना के संस्थापक राम स्वरूप दाहिया और संगठन के कार्याध्यक्ष एवं उत्तर भारतीय नेता कमलेश वर्मा ने बताया कि युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ाने के लिए खिलाड़ियों को क्रिकेट खेलने की आवश्यक सामग्री, आकर्षक ट्रॉफी और सम्मानजनक पुरस्कार राशि देने का निर्णय लिया गया है। इस पहल से खिलाड़ियों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है और स्थानीय युवाओं की बड़ी संख्या इस प्रतियोगिता में भाग ले रही है।
क्रिकेट स्पर्धा का शुभारंभ नवी मुंबई महानगरपालिका के उपमहापौर दशरथ भगत के हाथों किया गया। उद्घाटन समारोह में पूर्व नगरसेवक राजेश शिंदे, नवी मुंबई अल्पसंख्यक अध्यक्ष अख्तर अली चौधरी, शिवसेना उप जिला प्रमुख दीपक सिंह, संगठन के मार्गदर्शक विजय कन्नौजिया और गिरधारी लाल गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसके अलावा इस चार दिवसीय टूर्नामेंट को सफल बनाने में रवी राठोड़, शनि रवी राठोड़ और गुरुदास वाघचौरे सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आयोजकों का कहना है कि स्थानीय लोगों के सहयोग और खिलाड़ियों के उत्साह के कारण यह प्रतियोगिता क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है।
टूर्नामेंट का समापन रविवार शाम करीब 8 बजे आयोजित किया जाएगा। समापन समारोह में नवी मुंबई महानगरपालिका की महापौर सुजाता सूरज पाटिल, पूर्व सांसद संजिव गणेश नाईक, प्रभाग 14 के नगरसेवक भरत भोईर और शशिकांत भोईर, प्रभाग 20 के नगरसेवक अमित पाटिल तथा तुर्भे एमआईडीसी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी आबा साहेब पाटिल सहित कई सामाजिक और प्रतिष्ठित व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है।
