मीरा रोड। शादी का सपना दिखाकर महिलाओं को अपने जाल में फंसाने और करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को मीरारोड पुलिस की अपराध जांच शाखा ने उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया है। आरोपी कई वर्षों से वैवाहिक वेबसाइटों और समाचार पत्रों में प्रकाशित विवाह संबंधी विज्ञापनों का सहारा लेकर महिलाओं को निशाना बना रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि उसने देशभर में 25 से अधिक महिलाओं को ठगी का शिकार बनाया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनुज कुमार चंद्रप्रकाश त्रिवेदी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह अलग-अलग फर्जी नामों और पहचान का इस्तेमाल कर महिलाओं से संपर्क करता था। खुद को संपन्न, प्रभावशाली और प्रतिष्ठित व्यक्ति बताकर वह पहले महिलाओं का विश्वास जीतता और फिर शादी, मकान या संपत्ति दिलाने का झांसा देकर उनसे लाखों रुपये और कीमती आभूषण ऐंठ लेता था।
मामले की जांच के दौरान वर्ष 2022 में नयानगर पुलिस थाने में दर्ज एक शिकायत महत्वपूर्ण साबित हुई। शिकायत के अनुसार आरोपी ने एक महिला से विवाह किया था और उसे तथा उसके परिवार को मकान दिलाने का भरोसा दिया था। इसी बहाने उसने महिला से लाखों रुपये लिए और बाद में उसके सोने-हीरे के आभूषण एवं नकदी लेकर फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने विस्तृत जांच शुरू की।
लंबे समय तक तकनीकी और खुफिया जांच के बाद पुलिस ने आरोपी का पता लगाकर उसे ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से कई फर्जी दस्तावेज, मोबाइल फोन और बैंकिंग लेन-देन से संबंधित सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने ठगी की रकम से खरीदी गई एक लग्जरी कार भी जब्त की है, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने तलाकशुदा, विकलांग और अन्य असहाय महिलाओं को विशेष रूप से निशाना बनाया। पुलिस को आशंका है कि ठगी के शिकार लोगों की संख्या और भी अधिक हो सकती है। मामले में आरोपी के बेटे को भी सह-आरोपी बनाया गया है। फिलहाल पुलिस उसके बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन, सहयोगियों और अन्य राज्यों में दर्ज मामलों की जांच कर रही है। पुलिस का मानना है कि आगे की जांच में और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
