मुंबई। मुंबई से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के चलते एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल पैदा कर दिया है। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी दो बेटियां शामिल हैं। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले की गंभीरता से जांच में जुटे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, परिवार ने 25 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे अपने पांच रिश्तेदारों के साथ घर पर भोजन किया था। भोजन के बाद रिश्तेदार अपने-अपने घर लौट गए, जबकि परिवार के सदस्य घर पर ही रुके रहे। बताया जा रहा है कि देर रात करीब 1 बजे के आसपास परिवार के चारों लोगों ने तरबूज भी खाया था।
अगली सुबह करीब 5:30 बजे अचानक परिवार के सभी सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें लगातार उल्टियां, दस्त और कमजोरी की शिकायत होने लगी। हालत गंभीर होते देख परिजन उन्हें तुरंत नजदीकी फैमिली डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति चिंताजनक बताते हुए सभी को तुरंत जेजे अस्पताल रेफर कर दिया।
अस्पताल में इलाज के दौरान सबसे पहले 13 वर्षीय छोटी बेटी की सुबह करीब 10:15 बजे मौत हो गई। इसके बाद परिवार के मुखिया ने रात करीब 10:30 बजे दम तोड़ दिया। वहीं पत्नी और दूसरी बेटी की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। कुछ ही घंटों के भीतर पूरे परिवार के खत्म हो जाने से हर कोई स्तब्ध है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। डॉक्टरों ने फिलहाल मौत के कारणों पर कोई अंतिम राय नहीं दी है और हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट आने तक कारण सुरक्षित रखा है।
पुलिस ने घर में बने भोजन और खाए गए तरबूज के नमूने जब्त कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। आशंका जताई जा रही है कि भोजन या फल में किसी प्रकार का संक्रमण, रासायनिक तत्व या जहरीला पदार्थ हो सकता है।
जे जे मार्ग पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मृत्यु (AD) का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या भोजन खराब था, किसी बाहरी पदार्थ की मिलावट थी या मामला किसी अन्य कारण से जुड़ा है।
